नए शिक्षा सत्र की घोषणा: अब नवंबर से शुरू होगा 2020-21 का नया सेशन
New Delhi: कोरोना महामारी (Corona epidemic) की वजह से बंद पड़े कॉलेजों में फाइनल एक्जाम की घोषणा के साथ ही अब एमएचआरडी ने निर्णय लिया कि अब नए सेशन 2020-21 की शुरुआत नवंबर से होगा।
मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक (Human Resource Development Minister Ramesh Pokhriyal Nishank) की अध्यक्षता में मंगलवार शाम को मंत्रालय, यूजीसी (UGC) समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है कि जेईई मेन (Jee main) और नीट 2020 परीक्षा (NEET 2020 exam) का रिजल्ट जारी होने तक दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) समेत देश के सभी विश्वविद्यालयों को अपनी एडमिशन विंडो ओपन रखनी होगी, ताकि कोई भी छात्र उच्च शिक्षा में दाखिले से बंचित न रहे।
यूजीसी की बैठक के तहत संशोधित गाइडलाइन आने के कारण अब दिल्ली विश्वविद्यालय में ओपन बुक एग्जाम 15 अगस्त के बाद होंगे। डीयू प्रशासन को दस जुलाई से शुरू होने वाली परीक्षा एक महीना स्थगित करने को कहा गया है।
केंद्रीय मंत्री ने डीयू ओपन बुक एग्जाम मामले में छात्रों की दिक्कतों पर यूजीसी और दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन से विस्तार से रिपोर्ट ली। इसी के तहत केंद्रीय मंत्री ने यूजीसी और दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया है कि 15 अगस्त के बाद परीक्षा आयोजित की जाए।
एक महीने में ओपन बुक एग्जाम को लेकर अपनी तैयारी जांचें कि क्या यह संभव है। इसके अलावा छात्रों को भी परीक्षा की तैयारी का मौका मिल जाएगा। जिन छात्रों के पास इस ऑनलाइन परीक्षा देने का साधन नहीं है, वे भी अपनी तैयारी कर लें।
इधर 15 अगस्त के बाद जब डीयू प्रशासन ओपन बुक एग्जाम पर अपनी तैयारी के आधार पर शेड्यूल जारी करेगा, उससे पहले एक रिपोर्ट मंत्रालय को भी देनी होगी। इसमें बताना होगा कि छात्रों को इससे किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं होगी।
विश्वविद्यालयों में 30 सितंबर तक फाइनल ईयर की परीक्षा आयोजित करने के आधार पर अक्तूबर या नवंबर तक रिजल्ट जारी हो जाएंगे। इस प्रकार विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में 2020 सत्र नवंबर तक ही शुरू हो पाएगा
Comments